रामपुर बुशहर। ननखड़ी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर पूर्व हिमकोफेड चेयरमैन एवं भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने रविवार को खोलीघाट पंचायत में पंचायत प्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ बैठक की। बैठक में क्षेत्र में विभिन्न विभागों में कर्मचारियों और अधिकारियों के रिक्त पदों तथा मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर चर्चा हुई।
कौल सिंह नेगी ने आरोप लगाया कि बिजली, स्वास्थ्य, जल शक्ति, पशुपालन और लोक निर्माण विभाग समेत कई विभागों में पर्याप्त स्टाफ नहीं है, जिसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने की दिशा में सरकार अपेक्षित कदम नहीं उठा रही है।
उन्होंने खोलीघाट स्थित पीएचसी में चिकित्सक का पद खाली होने का दावा करते हुए कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है। उनके अनुसार, हाल ही में गाहन में हुए सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार की सुविधा नहीं मिल सकी और उसे शिमला रेफर करना पड़ा। उन्होंने कहा कि छोटी बीमारियों के उपचार के लिए भी लोगों को नारकंडा और रामपुर जाना पड़ रहा है।
बिजली विभाग में स्टाफ की कमी का दावा
नेगी ने कहा कि ननखड़ी क्षेत्र में बिजली विभाग में जेई का पद खाली है। क्षेत्र में करीब 35 ट्रांसफार्मर हैं, लेकिन उनकी देखरेख के लिए टी-मेट उपलब्ध नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पूरा क्षेत्र केवल दो लाइनमैन के सहारे चल रहा है, जबकि फोरमैन का पद भी खाली है। खराहन कंट्रोल प्वाइंट पर भी केवल एक कर्मचारी तैनात होने की बात उन्होंने कही।
उन्होंने कहा कि पर्याप्त स्टाफ नहीं होने से बिजली व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है और लोगों को लंबे समय तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ सकता है।
पशुपालन और जल शक्ति विभाग पर भी सवाल
भाजपा नेता ने कहा कि खड़ाहन से ननखड़ी तक पशुपालन विभाग में फार्मासिस्ट उपलब्ध नहीं होने के कारण पशुओं के टीकाकरण समेत अन्य सेवाओं में दिक्कतें आ रही हैं।
वहीं, जल शक्ति विभाग को लेकर उन्होंने कहा कि ननखड़ी की सभी पंचायतों के लिए केवल एक जेई होने से विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से इन विभागों में रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग की।
PWD में अधिकारियों की कमी का मुद्दा उठाया
नेगी ने खोलीघाट पीडब्ल्यूडी सब-डिवीजन में एसडीओ और जेई के पद खाली होने का दावा किया। उन्होंने ननखड़ी में एक्सईएन की नियुक्ति और कथित तौर पर उसी दिन नियुक्ति रद्द किए जाने को लेकर भी सवाल उठाए और सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
PMGSY सड़क की टारिंग की गुणवत्ता पर सवाल
बैठक में क्षेत्र की सड़कों की स्थिति और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का मुद्दा भी उठाया गया। कौल सिंह नेगी ने PMGSY के तहत रैइबहाली-खुन्नीपनोली सड़क पर चल रहे टारिंग कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क निर्माण में लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो भाजपा स्थानीय जनता को साथ लेकर जन आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। उन्होंने सरकार से बिजली समेत सभी विभागों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने और सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की।
बैठक में जिला परिषद ननखड़ी-बगलती वार्ड की सदस्य रानू खूंद, खोलीघाट पंचायत प्रधान टेक चंद, उपप्रधान शेर सिंह, पूर्व उपप्रधान अनिता, पंचायत के वार्ड पंच, महिला मोर्चा महामंत्री पूनम, अंशुल ठाकुर, संजीव कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *