पर्यटन नगरी मनाली में पहली बार पैराग्लाइडिंग प्री-वर्ल्ड कप का आयोजन होने जा रहा है। 5 से 8 अक्तूबर तक सोलंगनाला की स्की ढलान में होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के साहसिक खेल आयोजन में देश-विदेश के पैराग्लाइडिंग पायलट हिस्सा लेंगे। आयोजन को लेकर पैराग्लाइडिंग से जुड़े संगठन और पर्यटन कारोबारी तैयारियों में जुट गए हैं।

प्री-वर्ल्ड कप के लिए अब तक 64 पायलटों का पंजीकरण हो चुका है। इनमें चार महिला पायलट भी शामिल हैं। देश के विभिन्न हिस्सों से पायलट प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए मनाली पहुंचेंगे। प्रतियोगिता के दौरान पायलट फातरू से उड़ान भरेंगे और सोलंगनाला में लैंडिंग करेंगे। करीब 10,000 फीट की ऊंचाई से आसमान में उड़ान भरते पायलटों का रोमांच देखने लायक होगा। प्रतियोगिता का आयोजन तीन वर्गों में किया जाएगा। इसमें हिस्सा लेने वाले पायलटों के लिए एफएआई लाइसेंस अनिवार्य होगा।

आयोजन के जज भी बाहरी राज्यों और अन्य स्थानों से आएंगे। पंजीकरण की अंतिम तिथि 25 सितंबर निर्धारित की गई है। पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष वेदराम ठाकुर ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। इस दौरान चेयरमैन प्रेमचंद, महासचिव नरेश ठाकुर, कोषाध्यक्ष हेमराज, सह सचिव चौबे राम सहित सुशील, घनश्याम, पन्ना लाल, यज्ञ दत्त, राम लाल और अश्वनी मौजूद रहे।

मनाली में बढ़ेगा साहसिक पर्यटन का रोमांच

पैराग्लाइडिंग प्री-वर्ल्ड कप के आयोजन से मनाली को साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी। देश-विदेश से आने वाले पायलटों और उनके साथ पहुंचने वाले पर्यटकों से स्थानीय पर्यटन कारोबार को भी लाभ मिल सकता है। आयोजकों का कहना है कि भविष्य में मनाली में ऐसे बड़े साहसिक खेल आयोजनों को बढ़ावा देने के प्रयास किए जाएंगे।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed