माचल प्रदेश के 44 मेधावी बीटेक विद्यार्थियों को जापान की तकनीक, शिक्षा और औद्योगिक कार्यसंस्कृति को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से विद्यार्थियों को जापान के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक भ्रमण-2026 के लिए रवाना किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित यह एक्सपोजर विजिट 6 से 12 सितंबर 2026 तक चलेगी।

इस दल में प्रदेश के विभिन्न इंजीनियरिंग कॉलेजों के 24 छात्र और 20 छात्राएं शामिल हैं। विद्यार्थियों का चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर किया गया है। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने बताया कि प्रदेश के पांच इंजीनियरिंग कॉलेजों से इस भ्रमण के लिए करीब 650 आवेदन प्राप्त हुए थे।

स्पेस सेंटर और रोबोटिक्स स्टूडियो में सीखेंगे नई तकनीक

जापान दौरे के दौरान विद्यार्थी वहां के प्रमुख शैक्षणिक, अनुसंधान और औद्योगिक संस्थानों का भ्रमण करेंगे। इनमें टोक्यो मेट्रोपॉलिटन यूनिवर्सिटी, जेएएक्सए त्सुकुबा स्पेस सेंटर, साइबरडाइन रोबोटिक्स स्टूडियो, जेएएल एयरोस्पेस फैक्ट्री और क्योसेरा फैक्ट्री सहित ओसाका के विभिन्न उद्योग शामिल हैं।

इस दौरान विद्यार्थियों को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, रोबोटिक्स, एयरोस्पेस, उन्नत विनिर्माण, नवाचार और आधुनिक परिवहन प्रणालियों की जानकारी मिलेगी। साथ ही वे जापान की कार्यसंस्कृति, अनुशासन, सामाजिक मूल्यों और तकनीकी पारिस्थितिकी तंत्र को भी करीब से समझेंगे।

आईटीआई के बाद बीटेक विद्यार्थियों को मिला अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर

तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से यह दूसरा अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर टूर है। इससे पहले आईटीआई विद्यार्थियों के लिए कजाकिस्तान का दौरा आयोजित किया गया था। अब इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए बीटेक के मेधावी विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की शिक्षा और तकनीक से परिचित करवाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों को नई तकनीकों, नवाचारों और वैश्विक कार्यप्रणालियों से जोड़ने पर विशेष जोर दे रही है। इससे पहले सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को कंबोडिया और आईटीआई विद्यार्थियों को कजाकिस्तान भेजा गया। उन्होंने बताया कि चिकित्सा महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी विदेश में एक्सपोजर विजिट पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और चयन प्रक्रिया चल रही है।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed