राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि नौतोड़ का मामला उनके विचाराधीन है। इस पर जल्द कार्यवाही जाएगी। संबंधित जिलों के उपायुक्तों से अब तक बैठकों और पूरे मामले की विस्तृत जानकारी मांगी गई है। गुरुवार को लोकभवन शिमला में कविता कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत में राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी से इस विषय पर दूसरी बार मुलाकात की है। मामले पर काम शुरू कर दिया गया है। राज्यपाल ने कहा कि नौतोड़ के प्रावधानों के तहत पात्र लोगों को किस तरह लाभ दिया जा सकता है। इस पर मंथन जारी है। मामला लोकभवन के संज्ञान में है और सभी पहलुओं की जांच के बाद जल्द निर्णय लिया जाएगा। बता दें कि नौतोड़ का मुद्दा जनजातीय क्षेत्रों में लंबे समय से लंबित है। मंत्री जगत सिंह नेगी पहले राज्यपाल से इस मामले में जल्द निर्णय लेने का आग्रह कर चुके हैं। अगस्त में नेगी ने दावा किया था कि उपमंडल स्तर पर करीब 20 हजार नौतोड़ आवेदन और दावे लंबित हैं। उनका कहना रहा है कि पात्र परिवारों को जमीन मिलने से जनजातीय क्षेत्रों में आजीविका के अवसर बढ़ेंगे और पलायन को रोकने में भी मदद मिल सकती है।