कुल्लू। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने मनाली और कसोल में दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 54.99 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में एक महिला समेत पंजाब के चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पहली कार्रवाई मनाली के गोंपा रोड स्थित एक होटल में की गई। डिटैक्शन सेल कुल्लू की टीम ने होटल के कमरा नंबर 29 में दबिश देकर वहां ठहरे दो युवकों की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार, उनके कब्जे से 14.140 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मलकीत सिंह और बिक्रमजीत सिंह, दोनों निवासी तरनतारन, पंजाब के रूप में हुई है।
दूसरी कार्रवाई कसोल के एक होम स्टे में मणिकर्ण थाना पुलिस ने की। टीम ने कमरा नंबर 102 में तलाशी अभियान चलाया, जहां से एक युवक और युवती के कब्जे से 40.86 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने लक्ष्मी निवासी बठिंडा और श्याम निवासी लुधियाना, पंजाब को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है। अब जांच का फोकस इस बात पर है कि आरोपियों तक नशीला पदार्थ कहां से पहुंचा और इसकी आगे सप्लाई किसे की जानी थी।
पुलिस आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। जांच के दौरान नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।
