हिमाचल प्रदेश में कैबिनेट विस्तार कभी भी हो सकता है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस संबंध में गुरुवार को पार्टी हाईकमान से मंत्रणा की है। कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के नाम पर फैसला हो चुका है। अब एलान ही बाकी है। सूत्रों के अनुसार हालांकि हाईकमान के साथ हुई बैठक में मुख्य एजेंडा प्रदेश में आंदोलन की रणनीति रहा, लेकिन मुख्यमंत्री सुक्खू ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हाईकमान से अलग से चर्चा की। मंत्रिमंडल में एक पद खाली चल रहा है। विधानसभा उपाध्यक्ष के पद को लेकर भी आगामी शीत सत्र तक ही फैसला होने की संभावना जताई जा रही है। मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को संगठनात्मक रणनीति के साथ सरकार से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन की बैठक छोड़कर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू कांग्रेस की नई दिल्ली में हुई विशेष बैठक में शामिल होने पहुंचे। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में हुई बैठक में हिमाचल में भाजपा के खिलाफ आंदोलन की रणनीति पर विशेष रूप से मंथन किया गया।