रोपड़ में सतलुज नदी को प्रदूषित करने के मामले में पुलिस ने पंजाब में पहली एफआईआर दर्ज की है। यह मामला रोपड़ के विधायक दिनेश चड्ढा की शिकायत पर हिमाचल प्रदेश के उद्योगों के खिलाफ दर्ज किया गया है। बारिश के चलते सतलुज नदी में बड़ी मात्रा में गंदगी जमा हो गई है। आरोप है कि हिमाचल प्रदेश के उद्योगों से निकलने वाला वेस्ट मटीरियल सतलुज नदी में पहुंच रहा है, जिसके कारण नदी का पानी प्रदूषित हो रहा है। यही प्रदूषित पानी आगे सरहिंद और बिस्त दोआब नहरों में भी जा रहा है।
रविवार सुबह रोपड़ में सतलुज नदी में बड़े स्तर पर गंदगी दिखाई देने के बाद सैर करने वाले लोगों ने इसकी जानकारी विधायक दिनेश चड्ढा को दी। सूचना मिलते ही विधायक मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने खुद पुलिस को बयान देकर इस मामले में एफआईआर दर्ज करवाई।
विधायक दिनेश चड्ढा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के उद्योगों का वेस्ट मटीरियल सतलुज नदी में डाला जा रहा है, जिससे नदी का पानी प्रदूषित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पंजाब के संबंधित विभागों के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होते हैं।
दिनेश चड्ढा ने नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए नियमों को और सख्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि NGT की कार्रवाई केवल खबरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जमीनी स्तर पर भी सख्ती से कार्रवाई होनी चाहिए।
Source: Read original article
