चम्बा।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम के बदले मिजाज ने जनजातीय क्षेत्र पांगी घाटी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। चम्बा-बैरागढ़-किलाड़ मार्ग पर स्थित सचे जोत में भारी बर्फबारी के चलते यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। करीब दो फुट तक बर्फ जमने से पांगी घाटी का जिला मुख्यालय चम्बा से सड़क संपर्क कट गया है। इससे घाटी के लोगों को आवाजाही के लिए एक बार फिर लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाने की मजबूरी बन गई है।
जानकारी के अनुसार सचे जोत और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार हिमपात होने से सड़क पर बर्फ की मोटी परत जम गई है। अत्यधिक फिसलन के कारण इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए मार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया है। सड़क संपर्क बाधित होने से पांगी घाटी के लोगों को जिला मुख्यालय चम्बा और अन्य क्षेत्रों तक पहुंचने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
चुराह में बारिश से किसानों-बागवानों के चेहरे खिले
एक ओर सचे जोत में बर्फबारी ने पांगी की राहें रोक दी हैं, वहीं दूसरी ओर मौसम में आए बदलाव ने चुराह क्षेत्र के किसानों और बागवानों को बड़ी राहत दी है। वीरवार देर रात से शुरू हुई बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरों पर रौनक लौट आई है।
पिछले कई सप्ताह से बारिश न होने के कारण क्षेत्र में सूखे जैसे हालात बनने लगे थे। इसका असर खेतों में चल रही बुआई और फसलों की नमी पर पड़ रहा था। ऐसे में हुई बारिश को कृषि और बागवानी गतिविधियों के लिए राहत के रूप में देखा जा रहा है।
इस तरह मौसम की एक ही करवट ने चम्बा जिले के दो क्षेत्रों में अलग-अलग तस्वीर पेश की है। पांगी में बर्फबारी ने जनजीवन और सड़क यातायात प्रभावित किया है, जबकि चुराह में बारिश किसानों और बागवानों के लिए राहत लेकर आई है।
सचे जोत में 2 फुट बर्फबारी से पांगी का चम्बा से सड़क संपर्क कटा, चुराह के किसानों-बागवानों को मिली सूखे से राहत






