रामपुर बुशहर, न्यूज़ व्यूज पोस्ट ।
शिमला जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में ठियोग पुलिस की डिटेक्शन सेल ने ठियोग-हाटकोटी मार्ग पर भुई के समीप एक कार से करीब 6 ग्राम चिट्टा बरामद कर कोटखाई के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने भुई, हुल्ली के पास एक संदिग्ध कार को तलाशी के लिए रोका। जांच के दौरान कार की अगली यात्री सीट के नीचे छिपाकर रखा गया पारदर्शी प्लास्टिक पैकेट मिला। इसमें करीब 6 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
मामले में पुलिस ने कोटखाई निवासी गुलशन चौहान (27), रितेश धांटा (36) और उज्ज्वल (31) को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ पुलिस थाना ठियोग में FIR संख्या 171/2026, दिनांक 13 नवंबर 2026 को NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस अब इस मामले में नशे की सप्लाई और अन्य संभावित कड़ियों को लेकर जांच आगे बढ़ा रही है।
ठियोग में कार के भीतर छिपाकर रखा था चिट्टा, कोटखाई के तीन युवक गिरफ्तार






