राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर राजधानी शिमला में गुरुवार सुबह प्रभात फेरी निकाली गई। सुबह के शांत वातावरण में जब गांधी जी के प्रिय भजनों और देशभक्ति गीतों की गूंज सुनाई दी तो माहौल गांधी जी के विचारों और उनके आदर्शों से सराबोर हो गया।
प्रभात फेरी की शुरुआत सीटीओ चौक से हुई। यहां से प्रतिभागी शेरे पंजाब होते हुए ऐतिहासिक रिज मैदान तक पहुंचे। प्रभात फेरी में विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और विभिन्न संस्थानों से जुड़े प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

भजनों के जरिए गांधी जी के विचारों का संदेश
प्रभात फेरी के दौरान देशभक्ति गीतों के साथ महात्मा गांधी के प्रिय भजनों का गायन किया गया। प्रतिभागियों ने गांधी जी के जीवन और उनके विचारों से जुड़े सत्य, अहिंसा और शांति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान स्वच्छता को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। प्रतिभागियों ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी समाज के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं और उनके आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
Source: Read original article
