जिला शिमला के रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र का भटवाड़ी गांव वीरवार रात सुर्खियों में आ गया। पहाड़ की शांत रात में लोकगीतों की गूंज, ढोल-नगाड़ों की थाप और नाटी के रंग ने ऐसा माहौल बनाया कि गांव में दिवाली से पहले ही उत्सव जैसा नजारा दिखाई दिया। वजह थी मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का गांव में पहुंचना और वहीं रात्रि प्रवास करना। मुख्यमंत्री को फाफरा, कोदे की रोटी, लाल चावल और राजमा समेत कई पारंपरिक पकवान परोसे गए। सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री जब भटवाड़ी पहुंचे तो ग्रामीणों ने पारंपरिक अंदाज में उनका स्वागत किया। महिलाएं और ग्रामीण पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। लोकगीत लामण की गूंज के बीच मुख्यमंत्री का स्वागत हुआ। इसके बाद नाटी शुरू हुई तो मुख्यमंत्री भी खुद को रोक नहीं पाए। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के बीच बैठकर रोहड़ू जाना मेरी आमिये… नाटी गाकर समां बांध दिया। मुख्यमंत्री ने भी औपचारिक कार्यक्रम तक खुद को सीमित नहीं रखा और ग्रामीणों के बीच बैठकर उनसे बातचीत की। ग्रामीणों ने गांव की समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश दिए। इससे कार्यक्रम केवल स्वागत समारोह न रहकर ग्रामीणों और सरकार के बीच सीधे संवाद का मंच बन गया।
Source: Read original article

