रामपुर बुशहर, 7 नवंबर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 के सफल आयोजन को लेकर उपमंडलाधिकारी (नागरिक) एवं मेला समिति के सचिव हर्ष अमरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कानून व्यवस्था, यातायात, आवास, पेयजल, बिजली और स्वच्छता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
एसडीएम ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय लवी मेला 11 से 14 नवंबर तक रामपुर बुशहर में आयोजित होगा। मेले को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन, मंच सज्जा, बैठने की व्यवस्था और अतिथियों व सांस्कृतिक दलों के ठहरने के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।
इसके अलावा आवास व्यवस्था की निगरानी, 24 घंटे नियंत्रण कक्ष स्थापित करने, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रवेश पास और निमंत्रण पत्रों के वितरण के लिए भी अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। मेले के दौरान भोजन, चाय-पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है।
एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले की व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में नायब तहसीलदार सराहन प्रेम सिंह नेगी, जल शक्ति, विद्युत एवं नगर परिषद के अधिकारी, थाना प्रभारी रामपुर रमेश नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
लवी मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां






