प्रदेश विश्वविद्यालय के तहत राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार एचपीयू दूरस्थ शिक्षा केंद्र सीडीओई में संचालित स्नातक पाठ्यक्रमों के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं अक्तूबर में होंगी। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक श्यामल लाल कौशल ने आदेश जारी कर विद्यार्थियों को परीक्षा फार्म भरने के लिए समय दिया है। ऑनलाइन फार्म 30 सितंबर तक भरे जा सकेंगे। निर्धारित तिथि के बाद आवेदन करने पर विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार विलंब शुल्क लगेगा। परीक्षा फार्म विश्वविद्यालय के छात्र पोर्टल के माध्यम से भरे जाएंगे। विश्वविद्यालय ने संबद्ध कॉलेजों और संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि प्रवेश लेने वाले सभी पात्र विद्यार्थियों के फार्म निर्धारित समय में भरवाए जाएं और उनका सत्यापन भी किया जाए। फार्म भरने में किसी तरह की तकनीकी या अन्य परेशानी आने पर विद्यार्थी अपने संबंधित कॉलेज या संस्थान के प्राचार्य अथवा निदेशक से संपर्क कर सकेंगे।