हिमाचल प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी है, लेकिन मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। बुधवार को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिले। राजधानी शिमला समेत कई क्षेत्रों में दिनभर धूप खिली रही, जबकि धर्मशाला, पालमपुर और चिंतपूर्णी में दोपहर बाद अचानक बारिश हुई। बारिश के बाद इन क्षेत्रों में मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस से कुछ राहत मिली।

वहीं, चंबा, हमीरपुर, कुल्लू और मंडी में दिनभर मौसम शुष्क रहा। तेज धूप और उमस के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। बुधवार शाम तक प्रदेश में 64 सड़कें आवाजाही के लिए बंद रहीं। हालांकि, जिन क्षेत्रों में बारिश हुई, वहां बिजली, पेयजल और सड़क नेटवर्क को किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं रही।

धर्मशाला और पालमपुर में अचानक बरसे बादल

कांगड़ा जिले में बुधवार सुबह मौसम साफ रहा और तेज धूप खिली। दोपहर तक मौसम सामान्य बना रहा, लेकिन शाम करीब चार बजे धर्मशाला और पालमपुर में अचानक बारिश शुरू हो गई। कुछ देर हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। राहत की बात यह रही कि बारिश के कारण बिजली और पेयजल आपूर्ति प्रभावित नहीं हुई तथा सड़क यातायात भी सामान्य रहा।

चिंतपूर्णी में भी हुई हल्की बारिश

ऊना जिले में सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी रही। प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि, जिले के अन्य हिस्सों में मौसम सामान्य रहा। दोपहर के समय बढ़ी उमस के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed