नंगल में खाद उत्पादन बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (एनएफएल) की नंगल इकाई में 3850 मीट्रिक टन प्रतिदिन यूरिया और 2300 मीट्रिक टन प्रतिदिन अमोनिया उत्पादन क्षमता वाला नया ब्राउनफील्ड कांप्लेक्स प्रस्तावित किया गया है। केंद्र के उर्वरक विभाग ने प्रस्ताव को एनआईपीयू-26 के तहत विचार के लिए लिया है। परियोजना की तकनीकी और आर्थिक व्यवहार्यता जांचने के लिए प्रोजेक्ट्स एंड डेवलपमेंट इंडिया लिमिटेड (पीडीआईएल) से टेक्नो-इकोनॉमिक फिजिबिलिटी रिपोर्ट (टीईएफआर) तैयार करवाई जा रही है। केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के उर्वरक विभाग के उप महानिदेशक राज कुमार गौतम ने एक अक्तूबर को पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना को भेजे पत्र में यह जानकारी दी है। खन्ना ने 12 जून 2026 को प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर नंगल एनएफएल इकाई के विस्तार और औद्योगिक विकास का मामला उठाया था।
विभाग ने एनएफएल से विचार-विमर्श के बाद प्रस्तावों की स्थिति से उन्हें अवगत करवाया है। उर्वरक विभाग ने नंगल एनएफएल इकाई को पंजाब और हिमाचल प्रदेश की यूरिया जरूरत पूरी करने में महत्वपूर्ण बताया है। विभाग के अनुसार नंगल की रणनीतिक स्थिति को देखते हुए यूरिया उत्पादन बढ़ाने के लिए 2300 एमटीपीडी अमोनिया और 3850 एमटीपीडी यूरिया वाला ब्राउनफील्ड कॉम्प्लेक्स तकनीकी रूप से व्यवहार्य और रणनीतिक रूप से फायदेमंद है। नंगल इकाई में तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास केंद्र विकसित करने की भी तैयारी है। एनएफएल के पास यहां मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और इंस्ट्रूमेंटेशन के सुसज्जित वर्कशॉप हैं। इसके अलावा मानव संसाधन विकास केंद्र भी चल रहा है। इन सुविधाओं में आईटीआई प्रशिक्षुओं और डिप्लोमा विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।