सतलुज नदी के बढ़े जलस्तर के कारण चाबा पावर हाउस पानी में डूब गया है। इससे पावर हाउस से होने वाली बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। इससे शिमला समेत आसपास के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति होती है। सतलुज का जलस्तर कोलडैम से मंगलवार से पानी छोड़े जाने के बाद बढ़ा है। नगर पंचायत सुन्नी की ओर से मंगलवार को ही सतलुज नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर लोगों के लिए अलर्ट जारी किया गया था।
मंगलवार रात तक पावर स्टेशन का आधा हिस्सा तक पानी में डूब गया। स्थानीय प्रशासन ने आपदा प्रबंधन को भी सूचित कर दिया है। बुधवार को मौसम लगभग साफ रहा लेकिन सतलुज के जलस्तर में ज्यादा कमी नहीं आई है। चाबा में शिमला के लिए तैयार की गई 10 एमएलडी क्षमता की पेयजल योजना भी स्थित है। हालांकि, यह योजना करीब एक साल से बंद पड़ी है। कंपनी के सहायक अभियंता रंजीव शर्मा ने बताया कि चाबा पेयजल योजना फिलहाल बंद है।
Source: Read original article
