चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर डोहलूनाला के पास मंगलवार रात स्कूटी और निजी बस की टक्कर में दो युवाओं की मौत हो गई। हादसा रात करीब पौने दस बजे हुआ। स्कूटी सवार युवक और युवती मनाली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान डोहलूनाला के पास सामने से मनाली की ओर से आ रही निजी बस से स्कूटी की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार हादसे में स्कूटी चालक कशिश सिहली, तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी की मौके पर ही मौत हो गई। स्कूटी पर पीछे बैठे आदित्य पुत्र पवन कुमार निवासी त्रिफालघाट, जिला मंडी को गंभीर हालत में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
एसपी कुल्लू अभिषेक सेकर ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस दुर्घटना के संबंध में बस चालक समेत अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
Source: Read original article
