कतर की राजधानी दोहा में आयोजित अंडर -17 विश्व वॉलीबाल प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए क्यूबा की टीम को तीन सेट में 3-0 से पराजित किया। भारतीय टीम की इस जीत में हिमाचल प्रदेश की भी बड़ी भूमिका है। टीम के मुख्य कोच और कप्तान हिमाचल प्रदेश से हैं। रोहड़ू तहसील के शरोग गांव निवासी देवेंद्र चौहान टीम के कोच हैं। देवेंद्र वर्तमान में शिक्षा विभाग के खेल छात्रावास रोहड़ू में वॉलीबाल बतौर प्रशिक्षक सेवाएं दे रहे हैं। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर के वॉलीबाल कोच भी हैं। भारतीय टीम की कप्तानी भी हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ी शब्द गौतम कर रहे हैं। बिलासपुर जिले के रहने वाले शब्द गौतम को भारतीय अंडर-17 टीम की कमान मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।


एक ही टीम में हिमाचल के मुख्य कोच देवेंद्र चौहान और कप्तान शब्द गौतम की मौजूदगी छोटे से पहाड़ी राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है। क्यूबा के खिलाफ मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और तीनों सेटों में अपना दबदबा कायम रखा। भारतीय टीम ने सीधे सेटों में मुकाबला जीतकर प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। भारतीय टीम का अगला मुकाबला इंग्लैंड से होगा। अब खिलाड़ियों की नजरें इंग्लैंड के खिलाफ भी जीत दर्ज करने पर हैं।

देवेंद्र चौहान के मार्गदर्शन और शब्द गौतम की कप्तानी में भारतीय टीम से आगामी मुकाबले में भी बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है। विश्व स्तर की इस प्रतियोगिता में हिमाचल के कोच और खिलाड़ी की भूमिका प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवा वॉलीबाल खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed