शनिवार रात और रविवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने मंडी शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। शहर के बीचोंबीच स्थित इंदिरा मार्केट का ऐतिहासिक संकन गार्डन भारी बारिश के बाद तालाब में तब्दील हो गया। गार्डन में करीब डेढ़ फीट तक पानी भरने से दुकानदारों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण आसपास सीवरेज की दुर्गंध भी फैल गई। बताया गया कि संकन गार्डन की निकासी नाली में कैन फंस जाने से पानी की निकासी बाधित हो गई। लगातार बारिश के बीच पानी का स्तर बढ़ता गया और देखते ही देखते गार्डन का बड़ा हिस्सा जलमग्न हो गया। स्थिति बिगड़ने के बाद नगर निगम मंडी के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम शुरू किया।
दो घंटे की मशक्कत के बाद खुली निकासी
नगर निगम के कर्मचारियों ने करीब दो घंटे तक प्रयास कर नाली में आए अवरोध को हटाया। इसके बाद पानी की निकासी शुरू हुई और स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो गई। इंदिरा मार्केट के प्रधान अशोक शर्मा ने जलभराव की समस्या को लेकर नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के दौरान मार्केट में जलभराव की समस्या बार-बार सामने आती है। उनका कहना है कि इसका स्थायी समाधान जरूरी है, ताकि बारिश के दौरान दुकानदारों और स्थानीय लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े।
पहले यहां हुआ करता था प्राकृतिक तालाब
इंदिरा मार्केट के निर्माण से पहले इस स्थान पर प्राकृतिक तालाब होने की बात सामने आती है। बाद में तालाब के पानी की निकासी को डायवर्ट कर सुकेती खड्ड की ओर किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार मौजूदा निकासी नाली की क्षमता भारी बारिश के दौरान पर्याप्त नहीं रहती। इसी वजह से तेज बारिश होने पर यहां जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है।
निर्माणाधीन सीवरेज चैंबर के गड्ढों में भी भरा पानी
संकन गार्डन में जल शक्ति विभाग की ओर से सीवरेज चैंबर निर्माण का काम भी चल रहा है। बारिश के दौरान निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढों में पानी भर गया। इससे मौके पर स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई।
Source: Read original article
