हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान ‘वंदेमातरम’ को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब विधानसभा से निकलकर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान तक पहुंच गया है। भाजपा विधायक दल रविवार को सुबह 11 बजे महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने राष्ट्रगीत ‘वंदेमातरम’ का सामूहिक गायन करेगा। कार्यक्रम नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा।

विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन राष्ट्रगान के बाद भाजपा विधायकों ने ‘वंदेमातरम’ गाने की मांग उठाई थी। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने स्पष्ट किया था कि सदन की परंपरा के अनुसार सत्र की शुरुआत राष्ट्रगान से होती है, जबकि राष्ट्रगीत का गायन कार्यवाही के समापन पर किया जाता है। इसके बाद सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक और नारेबाजी हुई थी।

21 अगस्त की घटना के वीडियो फुटेज की मांग

भाजपा विधायकों ने विधानसभा सचिवालय को पत्र भेजकर 21 अगस्त को सदन में हुए घटनाक्रम की वीडियो फुटेज उपलब्ध करवाने की मांग भी की है। विपक्ष का आरोप है कि उस दौरान राष्ट्रगीत गाने की अनुमति नहीं दी गई, जबकि सत्ता पक्ष का कहना है कि भाजपा ने सदन की निर्धारित परंपरा के खिलाफ मुद्दा उठाकर हंगामा किया।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भाजपा पर राजनीतिक लाभ के लिए राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के मुद्दे को उठाने का आरोप लगाया था। वहीं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत के सम्मान को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed