हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला में फीस वृद्धि के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों को बड़ी राहत मिली है। छात्र आंदोलन के आगे झुकते हुए हिमाचल विवि प्रशासन ने फीस में दस फीसदी तक की कटौती करने का फैसला किया है। नई दरों को लेकर शुक्रवार को अधिसूचना भी जारी कर दी है। विश्वविद्यालय ने सामान्य फीस में 10 फीसदी कटौती के साथ तीन शुल्कों में भी संशोधन किया है। स्नातक पुनर्मूल्यांकन शुल्क 1,000 से घटाकर 500 रुपये कर दिया है। स्नातकोत्तर पुनर्मूल्यांकन शुल्क 1,200 से घटाकर 600 रुपये और सुधार शुल्क 1,200 से घटाकर 800 रुपये कर दिया है।
छात्रावास शुल्क में की गई 25 फीसदी बढ़ोतरी पूरी तरह वापस होगी। विवि ने स्पष्ट किया है कि छात्रावासों में पहले लागू शुल्क संरचना ही प्रभावी रहेगी। समिति ने संशोधित शुल्क को लेकर महत्वपूर्ण सिफारिश भी की है। नई फीस केवल 2026-27 में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों पर लागू होगी। पहले से अध्ययनरत विद्यार्थियों को संशोधित फीस से बाहर रखा जाएगा। विवि की वित्तीय स्थिति का मुद्दा भी समिति की रिपोर्ट में शामिल है। समिति ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में 10 करोड़ की अनुदान सहायता कटौती का मामला सक्षम प्राधिकारी के समक्ष उठाने की सिफारिश की है।
Source: Read original article
