“
हिमाचल पुलिस की बनने वाली नई आईआरबीएन महिला पुलिस की बनेगी। नई आईआरबीएन के लिए पुलिस विभाग की ओर से जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है। नई आईआरबीएन बनाने के लिए पुलिस जिला बद्दी में जमीन की तलाश की जा रही है। हिमाचल प्रदेश को भारत सरकार ने एक और पुलिस बटालियन की सौगात दी है। पुलिस विभाग की ओर से पुलिस जिला बद्दी और पुलिस जिला नूरपुर में एक महिला पुलिस की बटालियन और एक पुरुष बटालियन के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा था। भारत सरकार ने इस प्रस्ताव पर हिमाचल में महिला पुलिस की एक नई आईआरबीएन बनाने को मंजूरी दी है। हिमाचल में आईआरबीएन बनाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से पुलिस महानिदेशक को मंजूरी पत्र भेजा गया है। हिमाचल प्रदेश में अब तक छह आईआरबीएन हैं और अब सातवीं आईआरबीएन बनाई जाएगी। आईआरबीएन के लिए जगह का चयन होने के बाद केंद्र सरकार की ओर से एकमुश्त 50 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा भवन निर्माण के लिए केंद्र सरकार की ओर से 30 करोड़ रुपए जारी किए जाएंगे।
हिमाचल प्रदेश में आईआरबीएन बनने से जहां जवानों की कमी दूर होगी, वहीं सैकड़ों बेरोजगारों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। आईआरबीएन में पुलिस अधिकारियों, मनिस्ट्रीयल स्टाफ के सात, मेडिकल स्टाफ के चार, वायरलैस स्टाफ के 33, कुक, सफाई कर्मचारी और चालकों सहित पुलिस जवानों के 1007 पद भरे जाएंगे। पुलिस बटालियन के जगह का चयन होने के बाद पुलिस जवानों के नए भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से भवन का निर्माण जैसे-जैसे होता जाएगा, उसी हिसाब से अलग-अलग किस्तों में 30 करोड़ की राशि जारी की जाएगी।