रिकांगपिओ 15 अप्रैल । न्यूज़ व्यूज पोस्ट—
चंबा में आयोजित राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक को सिविल सर्विस अवाॅर्ड पुरूस्कार-2022 से सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि किन्नौर जिला कोविड-19 के दोनों टीके लगाने में देश भर में प्रथम स्थान पर रहा है। इसी उपलब्धि के लिए प्रदेश सरकार द्वारा जिला प्रशासन किन्नौर को सिविल सर्विस अवाॅर्ड-2022 के लिए चुना गया था तथा आज उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से यह पुरूस्कार प्राप्त किया।
उपायुक्त ने कहा कि यह पुरूस्कार जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा, आंगनवाड़ी व आशा वकर्ज के कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों के सामूहिक परिश्रम का फल है। उन्होंने कहा कि इन विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से ही जिला प्रशासन इस उपलब्धि को हासिल करने में सक्षम हो सका है। उन्होंने इस कार्य के लिए इससे संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी है।
