शिमला / कुल्लू – कुल्लू की लग घाटी के जकरेहड़ में पुलिस टीम पर हमले और चरस तस्करों को छुड़ाने की घटना पर भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला बोला है।
जमवाल ने कहा कि यह घटना प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने गुप्त सूचना पर 2 संदिग्धों से चरस बरामद की थी, तभी 40 लोगों की भीड़ ने पुलिस पर हमला कर आरोपियों को छुड़ा लिया। आरोप है कि भीड़ में एक महिला पंचायत प्रधान भी शामिल थी। मौके से 508 ग्राम चरस बरामद हुई है।
भाजपा विधायक ने कहा कि जब पुलिस ही सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की सुरक्षा कौन करेगा। मुख्यमंत्री सुक्खू खुद गृह विभाग देख रहे हैं, ऐसे में उनकी नैतिक जिम्मेदारी बनती है।
उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस राज में नशा माफिया के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं? प्रदेश का युवा पहले ही चिट्टा-चरस के जाल में फंस रहा है, ऐसे में आरोपियों को छुड़ाना खतरनाक संदेश है।
भाजपा की मांग:
- हमले में शामिल हर व्यक्ति की पहचान कर गिरफ्तारी हो
- फरार तस्करों को दोबारा पकड़ा जाए
- पुलिस पर हमले की निष्पक्ष जांच हो और राजनीतिक संरक्षण की भी जांच हो
