रामपुर बुशहर, 26 सितंबर। वाल्मीकि सुधार सभा रामपुर बुशहर ने अनुसूचित जाति समुदाय से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों के समाधान की मांग को लेकर हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के समक्ष ज्ञापन सौंपा। सभा ने पात्र परिवारों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाने के साथ-साथ आवास, भूमि आबंटन और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग रखी।
सभा के सचिव दीपक डिल्लों ने आयोग को सौंपे ज्ञापन में कहा कि वाल्मीकि समाज के कई परिवार पिछले करीब छह दशकों से रामपुर बुशहर में रह रहे हैं। उन्होंने समुदाय के पात्र लोगों के हिमाचली प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों से संबंधित मामलों के समाधान की मांग उठाई।
इसके अलावा सभा ने पात्र परिवारों को प्रस्तावित आवासीय योजना में शामिल करने, भूमि आबंटन तथा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आग्रह किया। सभा का कहना है कि आवश्यक दस्तावेजों और सरकारी सुविधाओं से जुड़े मामलों का समाधान होने से पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।
ज्ञापन हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान तथा आयोग के सदस्य अधिवक्ता दिग्विजय मल्होत्रा, अधिवक्ता डॉ. विजय डोगरा और सुश्री शालिनी जम्वाल को सौंपा गया। आयोग ने ज्ञापन को आवश्यक कार्रवाई के लिए रामपुर प्रशासन को भेज दिया है।
इस दौरान वाल्मीकि सुधार सभा के सदस्य दर्शन सिंह, अशोक, आकाश, अमित, सुमित ढिल्लों, अजय, विजय और गुलज़ार सिंह मौजूद रहे।
