भरमौर-पठानकोट हाईवे पर लाहल के पास बुधवार को श्रद्धालुओं से भरी वैन के अचानक ब्रेक फेल हो गए। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वैन को सड़क किनारे पहाड़ी से टकरा दिया। हादसे में वैन सवार दो श्रद्धालुओं को हल्की चोटें आई हैं, जबकि चालक समेत अन्य श्रद्धालु सुरक्षित बताए जा रहे हैं। समय रहते चालक की समझदारी से बड़ा हादसा टल गया।

वैन में चालक समेत कुल नौ लोग सवार थे। सभी श्रद्धालु भद्रवाह के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे बच्चों के मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भरमौर के चौरासी परिसर आए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी वैन से वापस अपने घर लौट रहे थे।

लाहल के समीप पहुंचते ही अचानक वैन के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। इससे चालक के सामने वाहन को नियंत्रित करने की चुनौती खड़ी हो गई। चालक ने घबराने के बजाय वैन को सड़क किनारे पहाड़ी की ओर मोड़ दिया। इसके बाद वैन पहाड़ी से टकराकर रुक गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं को हल्की चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। अन्य श्रद्धालु सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

एनएचएआई के साइट इंजीनियर साहिल ने बताया कि लाहल के पास ब्रेक फेल होने के कारण वैन पहाड़ी से टकराई। उन्होंने बताया कि वाहन में कुल नौ लोग सवार थे और हादसे में दो श्रद्धालुओं को हल्की चोटें लगी हैं। चालक की सूझबूझ के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed