मेहनत, हौसले और खेल के प्रति जुनून के दम पर अपनी पहचान बनाने वाले पांवटा साहिब के जसबीर सिंह ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ग्राम पंचायत कोटड़ी ब्यास निवासी जसबीर सिंह का चयन एशियन इंटरनेशनल पैरा थ्रो बॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 19 से 23 नवंबर तक श्रीलंका में आयोजित होनी है।

जसबीर के चयन की खबर से उनके गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलने से जसबीर का वर्षों पुराना सपना पूरा होने की दिशा में आगे बढ़ा है। लेकिन इस खुशी के बीच उनके सामने आर्थिक परेशानी बड़ी चुनौती बनकर खड़ी हो गई है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए श्रीलंका जाने और उससे जुड़े खर्चों को पूरा करने के लिए उनके पास पर्याप्त धनराशि नहीं है।

जसबीर ने बताया कि कड़ी मेहनत और लगातार प्रयास के बाद उन्हें एशियन इंटरनेशनल पैरा थ्रो बॉल प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। वह इस अवसर को देश के लिए पदक जीतने के सपने से जोड़कर देख रहे हैं। उनका कहना है कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए खेलना बचपन से ही चाहते थे।

जसबीर इससे पहले भी खेल के क्षेत्र में हिमाचल का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह सिटिंग वॉलीबॉल की तीन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिमाचल की ओर से हिस्सा ले चुके हैं। इन प्रतियोगिताओं के अनुभव के बाद अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर खेलने का अवसर उनके लिए बड़ी उपलब्धि है।

आर्थिक मदद की दरकार

जसबीर का चयन होने के बाद परिवार और ग्रामीणों में उत्साह है, लेकिन आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण प्रतियोगिता में भाग लेना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। उनका कहना है कि यदि सरकार या प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता मिलती है तो वह श्रीलंका जाकर प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।

उन्होंने प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन से सहयोग की उम्मीद जताई है। जसबीर का कहना है कि उनका लक्ष्य केवल प्रतियोगिता में भाग लेना नहीं, बल्कि भारत के लिए पदक जीतकर देश और हिमाचल का नाम रोशन करना है।

पांवटा साहिब के एसडीएम द्विज गोयल ने बताया कि पैरा थ्रो बॉल के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जसबीर सिंह उनसे मिले थे। उन्होंने कहा कि जसबीर को हरसंभव सहयोग उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed