नित्थर उपतहसील की ग्राम पंचायत दुराह में वीरवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। हादसा दुराह के डवार्च सड़क मार्ग पर सेरी के पास रात करीब सवा आठ बजे हुआ। बताया जा रहा है कि आल्टो कार दुराह की ओर आ रही थी, तभी सेरी के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा।


हादसे में कार करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में दो लोग सवार थे और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। मृतकों की पहचान हरि सिंह निवासी शाह, ग्राम पंचायत लोट और श्याम लाल निवासी डवार्च, ग्राम पंचायत दुराह के रूप में हुई है।

कड़ी मशक्कत के बाद सड़क तक पहुंचाए शव

गहरी खाई में कार गिरने के कारण शवों को बाहर निकालना आसान नहीं था। पुलिस चौकी नित्थर के जवानों और स्थानीय लोगों ने मिलकर काफी मशक्कत की। शुक्रवार दोपहर करीब एक से तीन बजे तक चले प्रयासों के बाद दोनों शवों को सड़क तक निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल निरमंड भेज दिया। हादसे में आल्टो कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *