नशे के खिलाफ ऊना में बुधवार को होने वाले एंटी चिट्टा वॉकाथॉन को लेकर इंदिरा गांधी स्टेडियम परिसर में सुबह से ही रौनक बढ़ गई है। जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से हजारों की तादाद में बच्चे कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू सुबह 10 बजे ऊना पहुंचकर नशे के खिलाफ इस अभियान की अगुवाई करेंगे।

कार्यक्रम को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों से पहुंचे विद्यार्थी लगातार स्टेडियम के भीतर प्रवेश कर रहे हैं। एक छोर से दूसरे छोर तक बच्चों की आवाजाही बनी हुई है। परिसर में बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को व्यापक जनभागीदारी मिलती नजर आ रही है।

पुलिस ने संभाली व्यवस्था की कमान

हजारों बच्चों के स्टेडियम पहुंचने के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था को लेकर मोर्चा संभाल लिया है। एएसपी सुरेंद्र शर्मा खुद पुलिस जवानों के साथ मुख्य द्वार पर मौजूद हैं। उनकी निगरानी में बच्चों को व्यवस्थित तरीके से स्टेडियम परिसर में प्रवेश करवाया जा रहा है।

मुख्य द्वार से लेकर स्टेडियम के भीतर तक पुलिस जवान मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने के बावजूद प्रवेश प्रक्रिया को क्रमबद्ध बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है। पुलिस की मौजूदगी में बच्चे लगातार स्टेडियम के भीतर पहुंच रहे हैं और कार्यक्रम के लिए निर्धारित स्थानों पर एकत्रित हो रहे हैं।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *