एशियन शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए हिमाचल के 11 खिलाड़ियों का पहली बार भारतीय टीम में चयन हुआ है। भारतीय टीम में चयनित खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर देहरादून में शुरू हो गया है। हिमाचल प्रदेश आइस स्केटिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप कंवर ने बताया कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार 11 खिलाड़ियों का चयन एशियन चैंपियनशिप ऑफ शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह हिमाचल के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि एशियन चैंपियनशिप का आयोजन 17 से 20 अगस्त तक देहरादून में होगा। प्रतियोगिता में भारत समेत 11 देशों के 200 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश के चयनित खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में जगह बनाई है। उनका चयन हिमाचल में तेजी से उभर रही शीतकालीन खेल प्रतिभाओं और खिलाड़ियों की मेहनत का प्रमाण है।




चियोग से प्रशिक्षण ले रहे सात खिलाड़ी


कंवर ने बताया कि भारतीय टीम में चयनित हिमाचल के 11 खिलाड़ियों में से सात चियोग आइस स्केटिंग ट्रैक पर प्रशिक्षण ले रहे हैं। भारतीय टीम में चयनित खिलाड़ियों में विख्यात कंवर, शुभम ठाकुर, दिव्यांश ठाकुर, समर्थ अत्री, मोक्ष शर्मा, अद्विक, आराध्या शर्मा, रुद्रवीर, तेजस्वी, अनिरुद्ध चंदेल और आभास वर्मा शामिल हैं। सभी खिलाड़ी अलग-अलग वर्गों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। एसोसिएशन के अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि हिमाचल के खिलाड़ी एशियन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के भारतीय टीम में चयन से प्रदेश के आइस स्केटिंग खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भी उत्साह है।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed