इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) शिमला में छह माह की बच्ची स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाई गई है। बच्ची जिला कुल्लू की रहने वाली है। तेज बुखार के बाद परिजन उसे जांच और उपचार के लिए आईजीएमसी लेकर पहुंचे थे। चिकित्सकों ने लक्षणों को देखते हुए स्वाइन फ्लू की जांच कराने की सलाह दी।

इसके बाद बच्ची का सैंपल प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया। जांच रिपोर्ट में बच्ची के स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। फिलहाल बच्ची का उपचार आईजीएमसी में चल रहा है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट

स्वाइन फ्लू का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। विभाग की ओर से लोगों से संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की गई है। विशेष रूप से भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सकों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में वायरल संक्रमण के लक्षण वाले मरीजों की निगरानी बढ़ाने और जरूरत के अनुसार रैंडम सैंपलिंग करने को कहा गया है।

लक्षण दिखें तो तुरंत कराएं जांच

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अगर किसी व्यक्ति में स्वाइन फ्लू से संबंधित लक्षण दिखाई देते हैं तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे मामलों में चिकित्सकीय सलाह लेकर समय पर जांच करवाने पर जोर दिया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यशपाल रांटा ने बताया कि आईजीएमसी में स्वाइन फ्लू का एक मामला सामने आया है। उन्होंने पुष्टि की कि छह माह की बच्ची की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है और उसका उपचार अस्पताल में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को सावधानी बरतने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने और बीमारी के लक्षण नजर आने पर समय पर चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी गई है।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *