कुत्ते के भौंकने की आवाज से शुरू हुई एक मामूली कहासुनी का अंजाम शुक्रवार रात बरौर गांव में ऐसा हुआ कि दो पड़ोसी परिवार आमने-सामने आ गए। बात इतनी बढ़ी कि दोनों तरफ से पत्थर और डंडे चलने के आरोप लगे। कुछ ही देर में मौके पर चीख-पुकार मच गई और पांच लोग घायल होकर अस्पताल पहुंच गए।
घटना सदर विधानसभा क्षेत्र के बरौर गांव की है। बताया जा रहा है कि कुत्ते के भौंकने को लेकर पहले दोनों परिवारों में कहासुनी हुई। किसी ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि छोटी सी बात इतनी बढ़ जाएगी। लेकिन देखते ही देखते बहस ने झगड़े और फिर मारपीट का रूप ले लिया। विवाद के दौरान दोनों परिवारों के करीब सात से आठ लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थरों और डंडों से हमला करने के आरोप लगाए हैं।
मारपीट में बलदेव और उनके बेटे सतपाल को गंभीर चोटें आईं। दोनों को मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया। वहीं रैणो देवी और नरेश कुमार का मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार चल रहा है। तरुण कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद शनिवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
Source: Read original article
