सोलन जिले के परवाणू क्षेत्र में करीब दो घंटे हुई तेज बारिश ने एक बार फिर मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारी बारिश के बाद कई जगह जलभराव और भूस्खलन की स्थिति पैदा हो गई। सड़क पर मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ, जबकि टकसाल गांव को जोड़ने वाला मार्ग भी बंद हो गया है।

सेक्टर-2 में टकसाल रेलवे फाटक के पास बारिश का पानी सड़क पर भर गया। इस दौरान कई वाहन पानी में फंसे और कुछ वाहन जलभराव में डूबे हुए दिखाई दिए। टकसाल के शिवलोती मंदिर के पास नाले का पानी कुछ उद्योगों में घुसने की भी जानकारी सामने आई है।

पीएम आवास योजना के मकानों के पास सुरक्षा डंगा क्षतिग्रस्त

भारी बारिश का असर सेक्टर-5 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों के आसपास भी देखने को मिला। यहां सुरक्षा डंगे को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि अगर बारिश का दौर जारी रहा तो सेक्टर-4 में पहले से क्षतिग्रस्त डंगा और कमजोर हो सकता है। इसके गिरने की स्थिति में आसपास के कुछ मकानों के लिए खतरा पैदा हो सकता है।

टकसाल गांव का संपर्क मार्ग बंद

बारिश के चलते टकसाल गांव की ओर जाने वाला रास्ता भी बंद हो गया है। लोक निर्माण विभाग परवाणू के सहायक अभियंता शिव कुमार ने रास्ता बंद होने की पुष्टि की है। विभाग की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

सेब मंडी के पास मलबा गिरा, शिमला मार्ग वन-वे

तेज बारिश के दौरान सेब मंडी के समीप पहाड़ी से मलबा सड़क पर आ गया। इससे शिमला की तरफ जाने वाले मार्ग पर यातायात बाधित हुआ। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इस हिस्से में ट्रैफिक को वन-वे कर दिया।

डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने बताया कि सेब मंडी के पास पहाड़ से मलबा गिरने के कारण शिमला की ओर जाने वाले मार्ग पर वन-वे व्यवस्था लागू की गई है। यातायात को नियंत्रित करने के लिए चक्की मोड़ पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस की टीम लगातार हालात पर नजर रख रही है।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed