हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू को लेकर चिंता बढ़ गई है। मंडी जिले में संक्रमण के दो नए मामले सामने आए हैं, जबकि सुंदरनगर क्षेत्र के डडयाल गांव निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग की चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई। बुजुर्ग कैंसर का इलाज करवा रहे थे और कीमोथेरेपी के लिए चंडीगढ़ गए थे।
जानकारी के अनुसार डडयाल निवासी महेंद्र 11 अगस्त को कीमोथेरेपी करवाने के लिए चंडीगढ़ के एक निजी अस्पताल पहुंचे थे। उपचार के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि कैंसर के इलाज के कारण उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर थी और इसी दौरान वह स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गए। अस्पताल में उपचार के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग का पार्थिव शरीर शुक्रवार को परिजन चंडीगढ़ से डडयाल गांव लेकर पहुंचे। इसके बाद गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया। स्वास्थ्य विभाग को उनकी स्वाइन फ्लू से मौत की सूचना शनिवार को मिली।
स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची
मामले की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम डडयाल पहुंची। टीम ने परिवार के सदस्यों को संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने के निर्देश दिए। परिजनों को मास्क भी उपलब्ध करवाए गए। अधिकारियों ने परिवार को स्वच्छता और संक्रमण से बचाव संबंधी जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी है।