निरमंड, 18 जुलाई 2025, न्यूज व्यूज पोस्ट – हिमाचल प्रदेश के पवित्र श्रीखंड महादेव यात्रा मार्ग पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हिमालय ट्राइब फाउंडेशन ने चार दिवसीय सफाई अभियान की विधिवत शुरुआत की। इस अभियान को निरमंड के उपमंडल अधिकारी (SDM) मनमोहन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में नायब तहसीलदार, बीडीओ निरमंड, हिमालय ट्राइब फाउंडेशन के संस्थापक आर.पी. नेगी युल्लाम, तथा युल्लाम कूट पंचायत के उप-प्रधान नीतीश भंडारी विशेष रूप से मौजूद रहे।
तीन ग्रुप, 500 कट्टों का लक्ष्य
फाउंडेशन ने इस अभियान के लिए 30 स्वयंसेवकों की टीम बनाई है, जो तीन अलग-अलग ग्रुपों में विभाजित हैं। प्रत्येक ग्रुप का नेतृत्व सुजल चुआन, एसपी नेगी और मदन ठाकुर कर रहे हैं। संस्था का लक्ष्य है कि इस अभियान के दौरान 500 कट्टे कचरा एकत्र कर श्रीखंड टॉप, नैन सरोवर और पार्वती भाग जैसे प्रमुख स्थलों को साफ किया जाए।
प्लास्टिक मुक्त श्रीखंड की अपील
संस्था प्रमुख आर.पी. नेगी ने यात्रियों और श्रद्धालुओं से अपील की है:
“पहाड़ों में प्लास्टिक कम से कम लेकर जाएं, और जो ले जाएं, उसे वापस ज़रूर लेकर आएं। यह अभियान सिर्फ सफाई नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर को बचाने की जिम्मेदारी है।”
उन्होंने प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया कि संस्था को इस नेक कार्य हेतु अनुमति और समर्थन दिया गया।
लगातार पांचवें वर्ष चला रही है सफाई अभियान
हिमालय ट्राइब फाउंडेशन पिछले चार से पाँच वर्षों से श्रीखंड महादेव यात्रा मार्ग पर नियमित रूप से सफाई अभियान चला रही है। संस्था के प्रयासों से हर साल सैकड़ों किलो अपशिष्ट पदार्थ हटाए जाते हैं, जिससे इस पवित्र स्थल की स्वच्छता बनी रहती है।