मानसून की विदाई से पहले हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। दिन ज्यादा गर्म और रातें ज्यादा ठंडी हो रही हैं। मानसून के इस हफ्ते विदा होने के आसार हैं। रविवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से औसतन 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा जबकि न्यूनतम तापमान औसतन 1.1 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है।

मौसम केंद्र शिमला के आंकड़ों के अनुसार कई क्षेत्रों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है, जबकि रात में पारा सामान्य से नीचे बना हुआ है। इससे दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ गया है। प्रदेश में अधिकतम तापमान केलांग में 3.7 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। कल्पा और धर्मशाला में भी अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ऊपर रहा।

मंडी में 2.3, शिमला और सुंदरनगर में 2.2, कांगड़ा और पालमपुर में 1.6, भुंतर में 1.4, मनाली में 1.3, ऊना में 1.1, सोलन में 0.8 और बिलासपुर में 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज हुई। प्रदेश में अधिकतम तापमान की औसत बढ़ोतरी 1.8 डिग्री सेल्सियस रही। रात के तापमान में कई क्षेत्रों में गिरावट दर्ज की गई। चंबा में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा। केलांग में 2.2, भुंतर में 2.0, पालमपुर में 1.9, सोलन में 1.1 और बिलासपुर में 1.8 डिग्री की कमी दर्ज हुई। सुंदरनगर में 0.9, कल्पा में 0.4, नाहन में 1.0, मनाली में 0.2 और मंडी में 0.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहा। हालांकि, शिमला में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 और ऊना में 0.1 डिग्री अधिक रहा।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *