एशियाई खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम का हिस्सा रहीं हिमाचल प्रदेश की बेटी रितु नेगी को भी राज्य सरकार एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देगी। हरियाणा में शादी होने के कारण उन्हें यह राशि दिए जाने को लेकर संशय बना हुआ था। इस मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद शनिवार को मंत्रिमंडल की बैठक में रितु नेगी को भी पुष्पा राणा, भावना और ज्योति ठाकुर की तर्ज पर एक करोड़ रुपये देने का फैसला लिया गया।

मंत्रिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली भारतीय टीमों के खिलाड़ियों को दिए जाने वाले नकद पुरस्कारों के नियमों में संशोधन करने का भी निर्णय लिया है। इस बदलाव से टीम स्पर्धाओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पदक विजेताओं के बराबर निर्धारित पुरस्कार राशि देने का रास्ता खुलेगा।

टीम स्पर्धाओं के खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ

संशोधित प्रावधानों के तहत अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हिमाचल प्रदेश के सभी पात्र खिलाड़ियों के बीच नकद पुरस्कार राशि बराबर बांटी जा सकेगी। इस व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक पात्र खिलाड़ी को व्यक्तिगत पदक विजेता के लिए निर्धारित नकद पुरस्कार के बराबर राशि मिल सकती है।

इसके अलावा पुरस्कार राशि का आनुपातिक वितरण करने का विकल्प भी रखा गया है। हालांकि, ऐसी स्थिति में प्रत्येक पात्र खिलाड़ी को व्यक्तिगत पदक विजेता के लिए निर्धारित नकद पुरस्कार का कम से कम 25 प्रतिशत देना सुनिश्चित होगा।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed