पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सड़क से लेकर विधानसभा तक अपने विधायकों को मंत्री बनाने के दावे करते हैं, लेकिन जब इन दावों को कांग्रेस आलाकमान के सामने अमलीजामा पहनाने की बात आती है तो वह खामोश हो जाते हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने विधानसभा के भीतर एक विधायक को मंत्री बनाने की घोषणा की थी। इसके बाद जनसभा में भी इस तरह की बात कही गई, लेकिन करीब एक साल बीतने के बावजूद उस घोषणा पर कोई अमल नहीं हुआ।
‘कांग्रेस प्रभारी कह रही हैं प्रस्ताव ही नहीं आया’
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर अब उनकी अपनी पार्टी की हिमाचल प्रभारी के बयान से सवाल खड़े हो रहे हैं। उनके अनुसार, कांग्रेस की हिमाचल प्रभारी ने मीडिया के सामने कहा है कि प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार का कोई प्रस्ताव नहीं आया है। जयराम ठाकुर ने सवाल उठाया कि यदि मुख्यमंत्री विधानसभा और जनसभाओं में मंत्री बनाने की बात कर रहे हैं तो पार्टी आलाकमान के पास प्रस्ताव क्यों नहीं भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे मुख्यमंत्री की ओर से किए जा रहे दावों और पार्टी स्तर पर वास्तविक स्थिति के बीच अंतर सामने आता है।
‘विधायकों को मंत्री बनाने का लालच देकर गुट मजबूत करने का आरोप’
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अपनी ही पार्टी की प्रभारी को अंधेरे में रखकर विधायकों को मंत्री बनाने का लालच दे रहे हैं और इसके जरिए अपना गुट मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी विधायक को डराकर अपने खेमे में रखने और किसी को मंत्री बनाने का भरोसा देकर साथ जोड़ने की कोशिश की जा रही है। उनके मुताबिक इसका मकसद मुख्यमंत्री की कुर्सी को सुरक्षित रखना है।