हिमाचल प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल (पुरुष एवं महिला) भर्ती की तैयारी कर रहे होमगार्ड जवानों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार के गृह विभाग के निर्णय के बाद हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने होमगार्ड जवानों को भर्ती प्रक्रिया में ऊपरी आयु सीमा में एकमुश्त पांच वर्ष की विशेष छूट प्रदान कर दी है। आयोग ने इस संबंध में आवश्यक शुद्धि पत्र जारी कर दिया है। आयु सीमा में छूट मिलने के बाद अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थियों को अवसर देने के लिए आयोग ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 दिन बढ़ाकर 5 सितंबर 2026 कर दी है। अभ्यर्थी 5 सितंबर की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। निर्धारित समय सीमा के बाद आयोग का ऑनलाइन पोर्टल स्वतः बंद हो जाएगा। लोक सेवा आयोग ने स्पष्ट किया है कि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही आवेदन कर सकते हैं।




डाक या किसी अन्य ऑफलाइन माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आयोग ने यह भी साफ किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए सफलतापूर्वक आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। केवल वे होमगार्ड जवान, जो आयु सीमा में पांच वर्ष की विशेष छूट मिलने के बाद पात्र बने हैं, उन्हें इस अवधि के दौरान नया पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। होमगार्ड जवान लंबे समय से पुलिस भर्ती में आयु सीमा में विशेष छूट की मांग कर रहे थे। सरकार के इस फैसले से उन जवानों को राहत मिलेगी जो निर्धारित आयु सीमा पार कर चुके थे, लेकिन सेवा अनुभव होने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया में भाग नहीं ले पा रहे थे। आयोग की ओर से जारी संशोधित व्यवस्था के बाद अब बड़ी संख्या में होमगार्ड जवानों के पुलिस विभाग में नियमित सेवा का सपना पूरा होने की उम्मीद बढ़ गई है।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed