पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजे गए आरोपी, गुप्त सूचना के आधार पर शामती के पास की गई कार्रवाई
सोलन। हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में जिला सोलन पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ने शामती के समीप नाकाबंदी के दौरान एक गाड़ी से 54 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में पंजाब और हरियाणा के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेशी के बाद दोनों आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट को नशे की खेप ले जाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने शामती के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान फोर्ड फिगो एस्पायर गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 54 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद हुआ।
मामले की जानकारी देते हुए एएसपी रमेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय से पांच दिन का पुलिस रिमांड मिलने के बाद अब मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस रिमांड के दौरान नशे की खेप के स्रोत, इसकी सप्लाई से जुड़े लोगों और संभावित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सकती है। मामले में जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *