शिमला। राजधानी शिमला के एक निजी होटल में रामपुर क्षेत्र के 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान ननखड़ी क्षेत्र के करांगला गांव निवासी उमेश सिंगला के रूप में हुई है। होटल के कमरे में युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है।
मामले में मृतक के मामा देवीलाल ने होटल प्रबंधन और युवक के साथ मौजूद लोगों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों के अनुसार, घटना के समय कमरे में उमेश के साथ एक युवती और तीन अन्य युवक भी मौजूद थे। परिवार का आरोप है कि उमेश की मौत देर रात ही हो गई थी, लेकिन इसके बावजूद काफी समय तक पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी गई। पुलिस को सुबह करीब 6 बजे के बाद घटना की जानकारी मिलने का दावा किया गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। फिलहाल युवक की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।






