रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के अवसर पर इस वर्ष रामपुर उपमंडल में विद्यार्थियों की लेखन प्रतिभा को मंच देने के लिए बुशहर बाल निबंध प्रतियोगिता-2026 आयोजित की जाएगी। इस पहल के तहत क्षेत्र के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के छठी से जमा दो कक्षा तक के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित होगी। पहले चरण में प्रत्येक स्कूल अपने स्तर पर निबंध लेखन प्रतियोगिता करवाएगा। इसमें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले एक विद्यार्थी का चयन अगले चरण के लिए किया जाएगा। स्कूल स्तर पर प्रतियोगिता की जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय की होगी।
लवी मेले के इतिहास पर लिखेंगे विद्यार्थी
स्कूल स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता का विषय ‘लवी मेले का इतिहास एवं महत्व’ निर्धारित किया गया है। विद्यार्थियों को इस विषय पर 500 शब्दों में निबंध लिखना होगा। सभी स्कूलों को अपनी प्रतियोगिता 2 नवंबर 2026 से पहले पूरी करनी होगी। स्कूल स्तर पर निर्णायक मंडल का गठन संबंधित प्रधानाचार्य करेंगे।
4 नवंबर को होगा उपमंडल स्तरीय मुकाबला
स्कूलों से चयनित प्रतिभागियों के बीच उपमंडल स्तर की प्रतियोगिता 4 नवंबर 2026 को राजकीय डिग्री कॉलेज के सभागार में आयोजित की जाएगी। चयनित विद्यार्थी को प्रतियोगिता स्थल तक लाने की जिम्मेदारी संबंधित स्कूल प्रबंधन की होगी। इस चरण में निबंध का विषय प्रतियोगिता वाले दिन ही घोषित किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों की मौलिक सोच, लेखन क्षमता और विषय को समझने की योग्यता का आकलन किया जा सकेगा। उपमंडल स्तर पर निर्णायक मंडल का गठन एसडीएम रामपुर की ओर से किया जाएगा।
विजेताओं को मिलेंगे 31 हजार रुपये तक
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 31 हजार रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 21 हजार रुपये और तीसरा स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थी को 11 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा पांच सांत्वना पुरस्कार और ट्रॉफी देकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया जाएगा।
बुशहर बाल निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को लवी मेले की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक महत्व को समझने के साथ-साथ अपनी लेखन कला को निखारने का अवसर मिलेगा। स्कूल से लेकर उपमंडल स्तर तक आयोजित होने वाला यह आयोजन युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।
