शिमला, 4 मार्च । न्यूज व्यूज पोस्ट। – हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज यहां प्रसिद्ध हिंदी कवि अजेय द्वारा लिखित पुस्तक “रोहतांग आर-पार” का विमोचन किया। यह पुस्तक न केवल यात्रा संस्मरणों का संकलन है, बल्कि हिमालयी समाज की सांस्कृतिक विरासत और जैव विविधता का एक दुर्लभ दर्पण भी प्रस्तुत करती है।
मुख्यमंत्री ने पुस्तक को हिमालय के लोगों की सांस्कृतिक धरोहर का जीवंत दस्तावेज बताते हुए लेखक के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार साहित्यिक और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
पुस्तक के लेखक अजेय ने बताया कि इसमें यात्रा संस्मरणों, डायरी प्रविष्टियों, पत्र, ब्लॉग पोस्ट और युवा लेखकों के संवाद को संकलित किया गया है। यह पाठकों को हिमालय की परंपराओं, लोकजीवन और प्राकृतिक विविधता से रूबरू कराएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पर्यटन विभागाध्यक्ष प्रो. चंद्र मोहन पारशिरा, हेल्पेज इंडिया के हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार, और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
यह पुस्तक न केवल हिमालय प्रेमियों और साहित्य प्रेमियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी, बल्कि शोधकर्ताओं और पर्यटकों के लिए भी एक महत्वपूर्ण संदर्भ ग्रंथ साबित होगी।