रिकांगपिओ, 23 जून 2025, न्यूज व्यूज पोस्ट:
जिला किन्नौर के मूरंग थाना क्षेत्र में पुलिस और ग्रामीणों की साझेदारी से चलाए गए “भांग उखाड़ो अभियान” ने नशे के खिलाफ जनजागरूकता को नई दिशा दी है। ग्राम पंचायत रिब्बा में सोमवार को पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर प्राकृतिक रूप से उगे भांग के पौधों को उखाड़ा और नष्ट किया।
यह अभियान केवल पौधों को हटाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में भी जागरूक किया गया। मौके पर उपस्थित पुलिस टीम ने ग्रामीणों को समझाया कि नशा न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि समाज की मूल संरचना को भी प्रभावित करता है।
इस दौरान “नशे को मात… देंगे एक साथ” का नारा देते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया। गांव के लोगों ने भी इस पहल का भरपूर समर्थन किया और भविष्य में नशा विरोधी अभियानों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।