कालका-शिमला रेल मार्ग पर गुम्मा के पास ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के कारण जहां कालका से शिमला के बीच ट्रेन सेवा प्रभावित है, वहीं धर्मपुर से शिमला के बीच यात्रियों के लिए ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार सुबह ठीक 7:50 बजे धर्मपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन यात्रियों को लेकर शिमला के लिए रवाना हुई। ट्रेन के चलने से धर्मपुर और आसपास के क्षेत्रों से शिमला जाने वाले यात्रियों के साथ बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को भी राहत मिली है।


धर्मपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह ट्रेन के पहुंचने के बाद यात्रियों ने शिमला जाने के लिए इसमें सवार होकर अपना सफर शुरू किया। कई यात्रियों ने बताया कि उन्होंने पहले से ही शिमला जाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग करवा रखी थी। ट्रेन सेवा शुरू होने की जानकारी मिलने के बाद यात्री निर्धारित समय से पहले ही धर्मपुर स्टेशन पहुंच गए थे।

वीरवार शाम से शुरू हुई थी तैयारी

धर्मपुर से शिमला के लिए ट्रेन संचालन शुरू करने से पहले रेलवे विभाग की ओर से आवश्यक तैयारियां की गईं। वीरवार शाम को शिमला से धर्मपुर पहुंची ट्रेन के इंजन में डीजल भरा गया। इसके बाद कालका से आए रेलवे कर्मचारियों ने ट्रेन की तकनीकी स्थिति और मेंटेनेंस की जांच की। रेल कर्मचारियों ने ट्रेन के जरूरी हिस्सों का निरीक्षण करने के बाद इसे चलाने के लिए तैयार किया। जांच के बाद शुक्रवार सुबह ट्रेन को यात्रियों के साथ शिमला के लिए रवाना किया गया।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed