मनाली, न्यूज व्यूज पोस्ट : हिमालय की रोमांचक वादियों की ओर बढ़ रहे सैलानियों का सफर शुक्रवार को उस समय थम गया, जब मनाली-लेह हाईवे पर जिनजिंगबार के पास अचानक नाले में बाढ़ आ गई। इस दौरान सैकड़ों पर्यटक घंटों तक फंसे रहे और बारालाचा दर्रे से लौट रही गाड़ियों की कतारें लग गईं।
मौके पर मौजूद सूत्रों के अनुसार, यह घटना शाम करीब 5 बजे की है जब सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा पुल निर्माण कार्य के बीच अचानक नाले में तेज जलप्रवाह शुरू हो गया। इस जलप्रवाह ने BRO की निर्माण सामग्री को भी नुकसान पहुंचाया और हाईवे पूरी तरह ठप हो गया।
पर्यटकों में घबराहट का माहौल था लेकिन BRO की राहत टीम पतसेड़ से तुरंत रवाना हुई। करीब चार घंटे चले रेस्क्यू और बहाली अभियान के बाद रात 9 बजे मार्ग को आंशिक रूप से यातायात के लिए खोल दिया गया।
BRO कमांडर कर्नल गौरव ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा, “नाले में अचानक पानी बढ़ गया जिससे वाहन फंस गए थे। BRO टीम ने तत्परता से काम करते हुए सड़क बहाली की और सभी वाहन सुरक्षित रवाना हो चुके हैं।”
गौरतलब है कि इस समय मनाली-लेह मार्ग पर सैलानियों की भारी आवाजाही है, खासकर बर्फ देखने के लिए बारालाचा दर्रा एक लोकप्रिय स्थान बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यात्रा से पहले मौसम और सड़क स्थिति की जानकारी अवश्य लें।