हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में धर्मपुर–कोटली–मंडी मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय टिप्पर चालक की मौत हो गई। हादसा हवानी के पास उस समय हुआ, जब बजरी से लदा टिप्पर सड़क किनारे डंगा ढहने के बाद अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे बजरी से भरा टिप्पर बरोटी की ओर जा रहा था। इसी दौरान एनएच-03 पर सड़क निर्माण स्थल के पास अचानक डंगा ढह गया। इससे टिप्पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक निर्मल सिंह (50) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना ने सड़क निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और डंगों की मजबूती को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed