हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब के प्रवेश और तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने गरामोड़ा में बड़ी कार्रवाई की है। नाकाबंदी के दौरान विभागीय टीम ने पंजाब में बिक्री के लिए निर्धारित बीयर की 150 पेटियां बरामद की हैं। बीयर को ले जा रहे वाहन को भी विभाग ने कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार विभागीय टीम ने सुबह करीब सात बजे गरामोड़ा के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की थी। इसी दौरान एक वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन से बीयर की 150 पेटियां बरामद हुईं।
जांच में सामने आया कि बीयर की पेटियों पर स्पष्ट रूप से ‘केवल पंजाब में बिक्री के लिए’ अंकित था। यानी यह खेप पंजाब में बिक्री के लिए निर्धारित थी। वाहन में मौजूद चालक बीयर को हिमाचल प्रदेश में लाने और इसके परिवहन से संबंधित कोई वैध प्रवेश-पत्र, अनुमति-पत्र अथवा अन्य जरूरी दस्तावेज विभागीय टीम के सामने पेश नहीं कर सका।
इसके बाद आबकारी विभाग की टीम ने बीयर की पूरी खेप को अपने कब्जे में ले लिया। साथ ही जिस वाहन में बीयर ले जाई जा रही थी, उसे भी जब्त कर लिया गया। विभाग अब मामले से जुड़े दस्तावेजों और बीयर की खेप के स्रोत की जांच कर रहा है।
जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि इतनी बड़ी मात्रा में पंजाब में बिक्री के लिए निर्धारित बीयर को हिमाचल लाने का उद्देश्य क्या था और इसे यहां कहां पहुंचाया जाना था। विभागीय टीम संभावित गंतव्य और खेप से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
Source: Read original article
