रिकांगपिओ, 7 अक्तूबर। राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव-2026 के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महोत्सव के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं और सेवाओं के संचालन के लिए अनुभवी एवं पंजीकृत फर्मों, ठेकेदारों, एजेंसियों और सेवा प्रदाताओं से बिड/कोटेशन आमंत्रित किए गए हैं। महोत्सव का आयोजन रिकांगपिओ में किया जाना प्रस्तावित है।
जिला प्रशासन की ओर से जारी टेंडर प्रक्रिया में खाद्य एवं कैटरिंग, फोटोग्राफी, लाइव स्ट्रीमिंग एवं वीडियोग्राफी, आवास, किन्नौरी एवं हिंदी ऑर्केस्ट्रा, टेंट, लाइट एवं साउंड, वेन्यू डेकोरेशन, वीआईपी एवं अन्य स्मृति चिह्न तथा लकी ड्रॉ पुरस्कारों की व्यवस्था सहित कुल 11 प्रमुख सेवाओं को शामिल किया गया है।
इन व्यवस्थाओं के तहत वीआईपी, कलाकारों, अधिकारियों और अतिथियों के लिए भोजन, नाश्ता, चाय तथा पारंपरिक किन्नौरी व्यंजन उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जानी है। वहीं, कार्यक्रमों और सांस्कृतिक गतिविधियों की फोटोग्राफी के साथ मल्टी-कैमरा सेटअप, ऑनलाइन एवं सोशल मीडिया लाइव स्ट्रीमिंग, ड्रोन कवरेज और वीडियो एडिटिंग की जिम्मेदारी भी टेंडर के माध्यम से तय की जाएगी।
महोत्सव में आने वाले कलाकारों, सांस्कृतिक दलों, वीआईपी और अधिकारियों के लिए होटल अथवा गेस्ट हाउस में आवास व्यवस्था, पारंपरिक किन्नौरी लोक कलाकारों एवं वाद्य यंत्रों के साथ किन्नौरी ऑर्केस्ट्रा तथा शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए हिंदी ऑर्केस्ट्रा की व्यवस्था भी टेंडर का हिस्सा है।
इसके अलावा स्टेज, स्टॉल, बैरिकेडिंग, कारपेट, वीआईपी एवं दर्शक कुर्सियों और ग्रीन रूम के लिए टेंट सेवाएं, हाई-पावर साउंड सिस्टम, स्टेज लाइटिंग, एलईडी स्क्रीन एवं ट्रस की व्यवस्था, स्टेज सजावट, फूलों, स्वागत द्वार और पारंपरिक सजावटी सामग्री की व्यवस्था भी शामिल की गई है।
वीआईपी एवं अन्य अतिथियों के लिए मोमेंटो, शॉल, किन्नौरी टोपी, पारंपरिक किन्नौरी स्मृति चिह्न एवं ट्रॉफियों तथा लकी ड्रॉ के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप पुरस्कारों की खरीद एवं आपूर्ति भी की जानी है।
21 अक्तूबर तक जमा होंगी बोलियां
टेंडर/प्रेस नोट 7 अक्तूबर 2026 को जारी किया गया है और संबंधित दस्तावेज डाउनलोड करने की प्रक्रिया भी इसी दिन सुबह 10 बजे से शुरू होगी। बोली जमा करने की अंतिम तिथि 21 अक्तूबर 2026 दोपहर 1 बजे निर्धारित की गई है। तकनीकी बिड इसी दिन दोपहर 3 बजे खोली जाएगी। बिड खोलने का स्थान सहायक आयुक्त से उपायुक्त कार्यालय, रिकांगपिओ, जिला किन्नौर निर्धारित किया गया है।
बोलीदाताओं के लिए GST पंजीकरण, PAN कार्ड तथा संबंधित लाइसेंस/पंजीकरण सहित समान प्रकृति के सरकारी अथवा राज्य स्तरीय आयोजनों में कार्य करने का अनुभव आवश्यक रखा गया है। प्रत्येक बोली के साथ निर्धारित अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट (EMD) जमा करना होगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अधूरी बोली, निर्धारित EMD के बिना प्राप्त बोली अथवा निर्धारित समय सीमा के बाद जमा की गई बोली को अस्वीकार किया जा सकता है। टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से प्रशासन का उद्देश्य महोत्सव के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं और सेवाओं को व्यवस्थित एवं प्रभावी तरीके से सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *