सांगला (न्यूज व्यूज पोस्ट)। हिमाचल प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने मंगलवार को जनजातीय जिला किन्नौर के सांगला क्षेत्र को दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने बेरिंग नाग मंदिर परिसर में करीब 16 लाख रुपये की लागत से निर्मित बैठक स्थल का लोकार्पण किया, जिसे स्थानीय जनता को समर्पित किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने 26 लाख रुपये की लागत से बनने वाले रोसारंग सामुदायिक भवन का शिलान्यास भी किया।
अठारो उत्सव में बोले मंत्री – “संस्कृति को संजोना हमारा दायित्व”
इन विकास कार्यों के बाद मंत्री ने बेरिंग नाग मंदिर परिसर में आयोजित पारंपरिक अठारो समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि किन्नौर की समृद्ध संस्कृति को संरक्षित कर अगली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार सांस्कृतिक संरक्षण और पर्यटन विकास के लिए हरसंभव कदम उठा रही है।
सीमावर्ती पर्यटन स्थलों को खोलने की दिशा में प्रयास
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश की समृद्ध विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटकों की आवाजाही को सुगम बनाने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है, ताकि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलें।
मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर
राजस्व मंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश सरकार सड़क, बिजली, पानी, मल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि वन अधिकार अधिनियम-2006 के अंतर्गत भूमिहीन परिवारों को जमीन का मालिकाना हक दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि निर्धन एवं उपेक्षित वर्गों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाए।
स्थानीय मांगों को प्राथमिकता से हल करने का आश्वासन
इस मौके पर मंत्री ने स्थानीय लोगों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
इस अवसर पर एपीएमसी के निदेशक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी, पंचायत समिति कल्पा की अध्यक्षा ललिता पंचारस, जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सरोज नेगी, खंड विकास अधिकारी कल्पा अमीर पाल नेगी सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।